RANCHI: रांची नगर निगम द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, भू संपदा संरक्षण सुनिश्चित करने और लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या 2 अंतर्गत हातमा पहाड़ और मिसिरगोंदा तालाब क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति, स्वच्छता, सरकारी भूमि की वर्तमान स्थिति तथा स्थानीय लोगों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी दीर्घकालिक विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
हातमा पहाड़ स्थित खाता नंबर 302, प्लॉट नंबर 26 की 3 एकड़ 57 डिसमिल भूमि के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पूरे क्षेत्र की पुनः मापी और सीमांकन कराने का निर्देश दिया। वर्षों से अस्थायी घरों में रह रहे लोगों के लिए आवास योजना के तहत जी+3 भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में कमिटी बनाकर जनसुनवाई आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
आवास योजनाओं से वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने, शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने, स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित करने और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की दिशा में काम तेज करने की बात भी नगर आयुक्त ने कही। वहीं भू संपदा टीम को अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का सर्वे कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद नगर आयुक्त ने मिसिरगोंदा तालाब क्षेत्र का निरीक्षण कर तालाब के सीमांकन, सौंदर्यीकरण और विकास योजनाओं का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

