RANCHI: रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आय बढ़ाने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व संग्रहण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए। जिसमें बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स, विज्ञापन शुल्क, दुकान किराया समेत सभी प्रमुख राजस्व स्रोतों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि इस वित्तीय वर्ष में किसी भी प्रकार की लापरवाही या राजस्व हानि स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
डिजिटल सिस्टम को बढ़ावा
11 अप्रैल 2026 से टैक्स कलेक्शन अभियान की शुरुआत होगी। निगम ने अप्रैल में मेगा कलेक्शन ड्राइव चलाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर टैक्स भुगतान और री-असेसमेंट को तेज किया जाएगा। नागरिकों को ऑनलाइन भुगतान के लिए वेबसाइट, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट जैसी सुविधाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
15 परसेंट तक मिलेगी छूट
निगम ने करदाताओं को राहत देते हुए 30 जून 2026 तक एकमुश्त होल्डिंग टैक्स भुगतान पर अधिकतम 10% छूट देने की घोषणा की है। वहीं सीनियर सिटीजन, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर और आर्म्ड फोर्स से जुड़े करदाताओं को अतिरिक्त 5% छूट मिलेगी। राजस्व बढ़ाने के लिए नए भवनों और अंडर-असेस्ड संपत्तियों की पहचान कर उनका त्वरित असेसमेंट किया जाएगा। अवैध जल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई के साथ नियमितीकरण और जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। बाजार शाखा को पार्किंग शुल्क, विज्ञापन और दुकान किराया जैसे स्रोतों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। अवैध वसूली रोकने के लिए पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी लगाने और दोषी संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने की बात कही गई है।
शहर में कूड़ा डंप बर्दाश्त नहीं
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें 53 वार्डों में 325 वाहनों के जरिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रतिदिन 60-65 टन गीला कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी कूड़ा डंप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को 100% कूड़ा उठाव, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण और नियमित फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने से अपील की है कि स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देकर शहर के विकास में भागीदार बनें।
READ ALSO: RANCHI NEWS: एक हजार में 8 बच्चे हार्ट की समस्या से ग्रसित, चौंकाने वाले है आंकड़े

