RANCHI: रांची शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने कमर कस ली हैं। शहर में जहां एक ओर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोड मार्किंग का काम तेज किया गया है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा और पान थूकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी कर दी गई है। नगर निगम ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थल, सड़क डिवाइडरों और दीवारों को गंदा करने से बचें। गंदगी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इतना ही नहीं लोगों से अब फाइन भी वसूला जाएगा।
पिक-अप एंड ड्रॉप मार्किंग
नगर निगम के प्रशासक के निर्देश पर शहर के विभिन्न हिस्सों में जेब्रा क्रॉसिंग, एरो मार्क, स्टॉप लाइन और पिक-अप एंड ड्रॉप मार्किंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक शहर के 19 प्रमुख स्थलों पर यह काम पूरा किया जा चुका है। जिसमें मुख्यमंत्री आवास के सामने, आयुक्त कार्यालय गेट, अल्बर्ट एक्का चौक, मछली घर से राजभवन मार्ग, डीसी आवास, सरना स्थल मोरहाबादी, ऑक्सीजन पार्क, रजिस्ट्री ऑफिस, सिद्धो-कान्हू पार्क के समीप, रांची कॉलेज प्लेग्राउंड, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास, स्टेट गेस्ट हाउस चौक मोरहाबादी, राम मंदिर चौक कांके रोड, आईटीआई मोड़ मोरहाबादी, राजभवन मेन गेट, ट्राइबल म्यूजियम मोरहाबादी, सब्जी मार्केट मोरहाबादी, राम मंदिर मोरहाबादी, सर्जना चौक और मान्या पैलेस के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

लोगों को मिलेगी राहत
मार्किंग से पैदल यात्रियों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सड़क पार करने में परेशानी नहीं होगी। स्टॉप लाइन और डायरेक्शन मार्किंग से वाहन चालकों को स्पष्ट जानकारी मिलेगी। वहीं शहर में जाम की समस्या में भी कमी आएगी। इसके अलावा पिक-अप एंड ड्रॉप मार्किंग से बस, ऑटो, टैक्सी और स्कूल वाहनों के लिए यात्रियों को सुरक्षित चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था बेहतर होगी।
डिवाइडरों की कराई जा रही पेंटिंग
शहर को और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न सड़कों के रोड डिवाइडरों की पेंटिंग कराई जा रही है। नगर निगम का कहना है कि इन कार्यों का उद्देश्य केवल शहर की सुंदरता बढ़ाना ही नहीं बल्कि शहर के लोगों में स्वच्छता और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाना है। निगम की ओर से इस बात पर जोर दिया गया है कि कई सार्वजनिक स्थानों पर लोग गुटखा और पान थूककर दीवार, फुटपाथ और डिवाइडरों को गंदा कर देते हैं। जिससे शहर की छवि खराब होती है और सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों के खिलाफ मॉनिटरिंग सख्त की जाएगी और पकड़े जाने पर जुर्माना सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।
वाटर सप्लाई को लेकर तैयारी
गर्मी को देखते हुए नगर निगम वाटर सप्लाई को भी मजबूत करने में जुटा है। उप प्रशासक रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में वाटर बोर्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। बैठक में तय किया गया कि वाटर सप्लाई से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा और सभी वार्डों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
READ ALSO: JHARKHAND NEWS: राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री हेमंत, जानें क्या बताया

