RANCHI: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों के बैठने की व्यवस्था, काउंटरवार सामग्री वितरण, मतपेटियों और अन्य निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा वाहन प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने खुद मतपेटियों के लॉक और सीलिंग की जांच की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को त्रुटिरहित और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां समय पर और मानक प्रावधानों के अनुरूप करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बता दें कि 22 फरवरी को मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियां चरणबद्ध रूप से रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री का मिलान कर हस्तांतरण सुनिश्चित कराया जाएगा। संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
मतदान कर्मियों के लिए हेल्प डेस्क
मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, कंट्रोल रूम, मेडिकल टीम और परिवहन प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
READ ALSO: Chaibasa Crime: चाकू से कर दी बहनोई की हत्या, सगे जीजा पर हमला कर किया घायल, जानें क्या है मामला

