RANCHI: रांची के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने एक महिला को बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना नायक टोली इलाके की है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि महिला बच्चों की चोरी करने के इरादे से इलाके में घूम रही थी। इसी शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर मारपीट कर दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला वास्तव में बच्चा चोरी के इरादे से आई थी या यह सिर्फ अफवाह का मामला है।

