RANCHI (JHARKHAND): रांची विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक मंगलवार को प्रभारी कुलपति प्रो डीके सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में रिटायर्ड प्रोफेसरों और कर्मचारियों के ड्यू क्लीयरेंस में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की गई। कई मामलों में वर्षों से लंबित भुगतान के समाधान के लिए जेपीएससी को अनुशंसा भेजी गई है।
सेशन लेट और रिजल्ट प्रकाशन में देरी
सदस्यों ने विश्वविद्यालय में सेशन लेट और रिजल्ट प्रकाशन में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया को समयबद्ध व पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। बैठक में संविदा आधारित कर्मचारियों और वोकेशनल शिक्षकों की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। उनकी स्थायी नियुक्ति और समय पर वेतन भुगतान की मांग पर गंभीरता से विचार हुआ।
लंबित मुद्दों का होगा समाधान
प्रभारी कुलपति प्रो डीके सिंह ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लंबित मुद्दों के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को एक सक्षम और जवाबदेह संस्था के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।

