Home » RANCHI NEWS: RIMS परिसर में अतिक्रमण हटाने के मामले ने पकड़ा तूल, मंदिरों की सुरक्षा पर हस्तक्षेप की मांग

RANCHI NEWS: RIMS परिसर में अतिक्रमण हटाने के मामले ने पकड़ा तूल, मंदिरों की सुरक्षा पर हस्तक्षेप की मांग

by Vivek Sharma
रिम्स अतिक्रमण
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi: रिम्स परिसर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान ने तूल पकड़ लिया है। वहीं इसका असर अब कैंपस स्थित मंदिरों की सुरक्षा पर पड़ता दिख रहा है। लोगों का कहना है कि अवैध अतिक्रमण हटाने को समर्थन है। लेकिन जिन लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है उस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। बड़े लोगों के निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। प्रशासन की टीम उनके अवैध कब्जे को झांकने भी नहीं गई। जिन लोगों ने भी अवैध निर्माण कराया है सभी पर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मंदिर की सुरक्षा पर भी रिम्स प्रबंधन से हस्तक्षेप की मांग की गई है। 

मंदिर की सुरक्षा पर उठाए सवाल 

अतिक्रमण हटाने के क्रम में मंदिरों के पुजारी के आवास को भी हटा दिया गया, जिसके बाद से मंदिरों में नियमित पूजा-पाठ, भोग और सुबह-शाम की आरती बाधित हो गई है। पुजारी के मंदिर परिसर में नहीं रहने से सुरक्षा भी प्रभावित हुई है। बरियातू क्षेत्र के महावीर मंडल के अध्यक्ष राजकिशोर, प्रकाश चंद्र सिन्हा, पूर्व पार्षद नकुल तिर्की और नवेंदु उपाध्याय ने रिम्स प्रशासन से तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुजारी के आवास हटने के बाद से बरियातू शिव मंदिर, रिम्स स्टाफ क्वार्टर मंदिर, मिलन चौक हनुमान मंदिर समेत रिम्स परिसर के अन्य मंदिरों में भगवान को निर्धारित समय पर भोग नहीं लग पा रहा है और न ही आरती की जा रही है।

महावीर मंडल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में किसी भी मंदिर में कोई घटना या क्षति होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी रिम्स प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की है कि मंदिरों में पुजारी के रहने, पूजा-पाठ की नियमित व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जिससे कि धार्मिक गतिविधियां पूर्व की तरह सुचारू रूप से चल सकें।

अभियान से लोगों में नाराजगी

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि उन्हें अपना ढांचा हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। विरोध के बावजूद टीम बिना रुके अतिक्रमण हटाने में जुटी रही। प्रशासन की ओर से बताया गया कि लोगों के घरों और संरचनाओं पर नोटिस चिपकाया गया था। इसके बावजूद लोगों ने अवैध निर्माण को नहीं हटाया।

समान कार्रवाई की मांग

विरोध कर रहे लोगों ने टीम पर आरोप लगाया कि वे बड़े लोगों के निर्माण पर कार्रवाई नहीं कर रहे है। जबकि उनका निर्माण भी अवैध है। अगर कार्रवाई हो रही है तो सभी पर समान रूप से होना चाहिए। इस ठंड में लोगों के घरों को उजाड़ा जा रहा है। कंपाने वाली ठंड में हमलोग कहां जाएंगे। इसके अलावा लोगों ने कहा कि हटाने से पहले रहने की व्यवस्था भी प्रशासन को करनी चाहिए।  वहीं जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अगले दस दिनों में रिम्स की पूरी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर लिया जाएगा।

Related Articles