Jamshedpur : जिले के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत आरक्षित सीटों पर नामांकन का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग इसी सप्ताह दाखिला प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। उपायुक्त (DC) से आदेश मिलते ही 1406 सीटों पर नामांकन की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस वर्ष आरटीई के तहत कुल 3580 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन दस्तावेजों की सख्त जांच के कारण प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। विभाग को 220 जन्म प्रमाण पत्र और 100 आय प्रमाण पत्र फर्जी मिले, जिसके बाद ऐसे कुल 320 आवेदनों को रद्द कर दिया गया।
मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) और जुगसलाई नगर पंचायत के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दस्तावेजों की जांच की थी। जांच के बाद सभी संदिग्ध आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार अब पात्र अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी पूरी हो चुकी है और नामांकन के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। चूंकि निजी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, इसलिए विभाग जल्द से जल्द चयनित बच्चों का दाखिला सुनिश्चित करना चाहता है ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
आरटीई पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है। पात्र बच्चों की सूची जल्द ही पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
अभिभावकों के लिए अहम जानकारी
- कुल सीटें: 1406
- कुल आवेदन: 3580
- निरस्त आवेदन: 320
- प्रक्रिया: पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे भविष्य में केवल सही और वैध दस्तावेजों के साथ ही आवेदन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह पात्र बच्चों को स्कूलों में दाखिला मिल जाएगा और उनकी नियमित कक्षाएं शुरू हो सकेंगी।
Read Also: Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना के सब-इंस्पेक्टर का गाली-गलौज करने का वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग

