कोडरमा: जिले के चित्रगुप्त नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब पवन गुप्ता के घर में दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक रसेल वाइपर घुस गया। सांप को देखकर घरवालों में दहशत फैल गई और उन्होंने तत्काल प्रसिद्ध स्नेक कैचर प्रशांत आजाद को इसकी सूचना दी।
सांप देखने के बाद मची अफरा-तफरी, स्नेक कैचर ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान परिजनों ने सांप को भगाने का प्रयास किया लेकिन उसकी तेज गति और जहरीले स्वभाव के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद प्रशांत आजाद मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ने में कामयाब हुए।
वन विभाग को सौंपा गया, जंगल में किया जाएगा मुक्त
स्नेक कैचर प्रशांत आजाद ने सांप को एक सुरक्षित प्लास्टिक कंटेनर में बंद किया और उसे वन विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। प्रशांत ने बताया कि रसेल वाइपर बहुत आक्रामक और विषैला होता है और यह एक पल में शिकार को मौत के घाट उतार सकता है।
सांप पर्यावरण के रक्षक हैं, मारें नहीं – स्नेक कैचर की अपील
प्रशांत आजाद ने लोगों से अपील की कि सांप को देखकर घबराएं नहीं, न ही उसे मारें। उन्होंने कहा कि सांप जैव विविधता के लिए बेहद जरूरी हैं और हमें उन्हें संरक्षित करने की जरूरत है। किसी भी संकट की स्थिति में वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक कैचर को बुलाना चाहिए।
बारिश में बढ़ जाती हैं सांप निकलने की घटनाएं
बारिश के मौसम में झाड़ियों, घास और गीली जमीन पर सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में घर के आसपास की सफाई बनाए रखना और झाड़ियों को हटाना बेहद जरूरी है। सर्पदंश के मामलों में त्वरित इलाज और सही जानकारी जीवन बचा सकती है।
Read Also- MLA Jairam Mahato : छत्तीसगढ़ में झारखंड के मजदूरों की मौत पर भड़के विधायक जयराम महतो, विधानसभा सत्र में उठाएंगे प्रवासी मजदूरों की समस्या

