Home » Jamshedpur News : एस्पेरांजा-2026 में एआई और रोबोटिक्स के साथ कला-संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

Jamshedpur News : एस्पेरांजा-2026 में एआई और रोबोटिक्स के साथ कला-संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

12 विद्यालयों के 226 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विद्या भारती चिन्मया विद्यालय बना विजेता और विवेक विद्यालय रहा उप विजेता

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टेल्को स्थित शिक्षा निकेतन विद्यालय में अंतरविद्यालय कला एवं संस्कृति प्रतियोगिता ‘एस्पेरांजा-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 12 विद्यालयों के लगभग 226 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में कला, संस्कृति, विज्ञान, एआई और रोबोटिक्स से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना और सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या सुमिता डे ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनमोहक गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को शामिल होने का अवसर दिया गया था। इसके तहत समूह नृत्य, समूह गायन, लघु नाटिका, रैंप वॉक, फिल्म निर्माण, विज्ञान के कार्यशील मॉडल, रोबोट युद्ध, वाद-विवाद, कैप्चर द फ्लैग, खजाने की खोज, प्रश्नोत्तरी, बिना ब्रश के चित्रकला, आइडिया टू एम्पायर तथा स्ट्रेंथ एंड टीम जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कला एवं संस्कृति के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान, तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीम भावना प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्या भारती चिन्मया विद्यालय को विजेता तथा विवेक विद्यालय को उपविजेता घोषित किया गया। वहीं, अनुशासन और उत्कृष्ट सहभागिता के लिए एसडीएसएम फॉर एक्सीलेंस विद्यालय को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्यालय की प्राचार्या एवं उप-प्राचार्या ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस प्रकार ‘एस्पेरांजा-2026’ कला, संस्कृति, विज्ञान और तकनीक के समन्वय के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाला एक सफल आयोजन साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Comment