गिरिडीह : जिले के गांवा थाना क्षेत्र के गावां-सतगावां मेन रोड पर बंगालीबाड़ा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जोड़ासिमर निवासी रश्मि कुमारी (पिता सुरेश राय), गुलशन कुमार (पिता सीकेन्द्र राम) और प्रीति कुमारी (पिता संतोष रजक) सभी उच्च विद्यालय सेरुआ से आठवीं की बोर्ड परीक्षा देकर एक ही बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंगालीबाड़ा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रीति कुमारी बाइक से गिर गई, और तभी घटनास्थल से गुजर रही एक बस ने उसे कुचल दिया। इसके परिणामस्वरूप प्रीति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में रश्मि कुमारी और गुलशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। रश्मि कुमारी के दाएं पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल गई, जबकि गुलशन कुमार के माथे में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद, सभी घायलों को गांवा पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांवा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, और दोषी वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

