
रांची: जयपाल सिंह स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन बुधवार, 19 अगस्त को समाप्त हो गया। आंदोलन समाप्त होने के बाद देर शाम हजारों की संख्या में छात्रों ने राजधानी में आभार यात्रा निकाली। राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे छात्रों की यह यात्रा मेन रोड स्थित ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।
अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचते ही छात्रों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी का इजहार किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। यात्रा में शामिल युवाओं का जगह-जगह फूलों की पंखुड़ियों से स्वागत किया गया। कई छात्र एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते नजर आए, जिससे चौक का माहौल उत्सव में बदल गया।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए युवाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद जताया। छात्रों का कहना था कि सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर लिए गए फैसलों से उन्हें राहत मिली है और इसी खुशी में आभार यात्रा निकाली गई है।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। आंदोलन समाप्त होने के बाद छात्रों की यह आभार यात्रा राजधानी में चर्चा का केंद्र बनी रही।

