चक्रधरपुर। नगर पालिका आम निर्वाचन के निमित्त शनिवार को चक्रधरपुर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के निर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम उपायुक्त चंदन कुमार ने नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव को पद और गोपनीयता का शपथ ग्रहण कराया। इसके बाद उपायुक्त ने 23 वार्ड पार्षदों को एक साथ पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
21 वोट पाकर विजय साव बने नगर परिषद के उपाध्यक्ष
तत्पश्चात उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। उपाध्यक्ष पद के लिए विजय साव एवं पूजा गिरि ने खड़े हुए। इस दौरान बारी- बारी कर 23 पार्षदों ने वोटिंग किया। जिसमें विजय साव के पक्ष में 21 पार्षदों ने वोट डाले। जबकि पूजा गिरी को मात्र दो वोट मिले। उनके समर्थक या प्रस्तावक में से एक के भी मत नहीं देने से उनकी काफी किरकिरी हुई। इस तरह 21 वोट पाकर विजय साव उपाध्यक्ष बन गए। उपाध्यक्ष बनने के बाद विजय साव को नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने पद और गोपनीयता का शपथ दिलाई।
चक्रधरपुर निर्वाचन पदाधिकारी सह एलआरडीसी जेजे मुंडू ने उपाध्यक्ष विजय साव को प्रमाण पत्र दिए। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के साथ निकाला जुलूस
नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय साव सभी वार्ड पार्षद एवं समर्थकों के साथ जुलूस निकाला। साथ ही साथ समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। जुलूस अनुमंडल कार्यालय से निकलकर मेन रोड होते हुए पवन चौक पहुंची। समारोह समाप्त होने के साथ ही नगर अध्यक्ष एवं सभी पार्षदों को समर्थकों ने फूल माला पहनकर स्वागत किया।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ने नगर परिषद कार्यालय में दिया योगदान
शपथ ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव ने वार्ड पार्षद के साथ नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और ऑफिस में अपना कार्यभार संभाला।
शहरी जलापूर्ति योजना, रानी तालाब की समस्या आदि जल्द होगी दूर : सन्नी
चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि मैं जितने दिन अध्यक्ष पद पर रहूंगा अपना वेतन नहीं लूंगा। मेरे पूरे वेतन की राशि को सफाई कर्मियों के बीच वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरी जलापूर्ति योजना, डंपिंग यार्ड, श्मशान घाट की सफाई, बस पड़ाव, रानी तालाब की समस्या जल्द दूर होगी। 10 दिनों के अंदर ऐतिहासिक रानी तालाब की सौंदर्यकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया होगी। सभी पार्षदों के साथ मिलकर बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था कराया जाएगा। समय पर चुनाव नहीं होने के कारण लोगों के समक्ष समस्याओं का अंबार है। लेकिन अब सभी समस्याओं का समाधान धीरे-धीरे किया जाएगा।
मिलकर करेंगे समस्याओं का समाधान : विजय
नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय साव ने कहा कि पिछले कई बरसों से चुनाव नहीं होने के कारण लोगों के पास कई समस्याएं हैं। लेकिन अब युवाओं के कंधे पर समस्याओं को निपटने का जिम्मा मिला है। मिलकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

