Home » Jamshedpur News : टाटानगर स्टेशन के बाहर खुली टोकरी में मिले दो कोबरा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Jamshedpur News : टाटानगर स्टेशन के बाहर खुली टोकरी में मिले दो कोबरा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बरामद दोनों सांप कोबरा प्रजाति के थे, जिन्हें स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप भी कहा जाता है। यह अत्यंत विषैले होते हैं और खुले में इनका होना लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मेन इंट्री गेट के बाहर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खुली टोकरी में दो जहरीले कोबरा सांप दिखाई दिए। अचानक सांपों को खुले में देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग वहां से दूर हटने लगे।गौरतलब है कि कुछ सपेरे दो अलग-अलग टोकरियों में सांप छोड़कर वहां से चले गए थे। दोनों टोकरियों के ढक्कन खुले होने के कारण कोबरा बाहर नजर आए, जिससे स्टेशन परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई। चूंकि यह रेलवे स्टेशन का बिजी इलाका है, इसलिए किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई थी।

लोगों ने घटना की सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और स्नेक कैचर को बुलाया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यूअर छोटू मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों कोबरा सांपों का रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित पकड़ा। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

रेस्क्यूअर छोटू ने बताया कि बरामद दोनों सांप कोबरा प्रजाति के थे, जिन्हें स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप भी कहा जाता है। यह अत्यंत विषैले होते हैं और खुले में इनका होना लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।वन विभाग और डीएफओ के निर्देश पर दोनों सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह जहरीले सांप छोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का अनुमान है कि सपेरे ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे होंगे, लेकिन किसी कार्रवाई के डर से सांपों को बाहर ही छोड़कर फरार हो गए।

Related Articles

Leave a Comment