Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक और स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। स्टेशन चौक से कीताडीह रोड होते हुए रनिंग रूम तक स्थित दुकानों पर 16 या 17 जनवरी को रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की जा सकती है। चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के निर्देश पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को पत्र भेजकर प्रस्तावित कार्रवाई की जानकारी दी है।रेलवे ने पत्र में स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान विरोध की संभावना को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती आवश्यक होगी।

स्टेशन विकास योजना के तहत इस पूरे क्षेत्र को खाली कराना प्रस्तावित है, जहां वर्षों से दुकानें संचालित हो रही हैं।इससे पूर्व रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने विधि-व्यवस्था डीएसपी, बागबेड़ा थाना और टाटानगर आरपीएफ प्रभारी को भी पत्र भेजा था। हालांकि 5 जनवरी को स्थानीय सांसद के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया था।जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड के इस हिस्से में रेलवे की जमीन पर लीज लेकर करीब 27 दुकानदार लंबे समय से व्यवसाय कर रहे हैं। स्टेशन विस्तार के नक्शे में यह क्षेत्र शामिल होने के बाद रेलवे ने सभी लीजधारी दुकानदारों को नोटिस जारी किया था।
इसके विरोध में दुकानदारों ने सांसद और डीआरएम से मुलाकात कर दुकानों को बचाने और विस्थापन से पहले पुनर्वास की मांग रखी थी।बताया जा रहा है कि दुकानदार नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी में हैं और रेलवे से अतिरिक्त समय की मांग कर रहे हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन दुकानों को हटाने से जुड़ी सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा हुआ है।

