
Jamshedpur : बारीडीह स्थित डेफोडिल्स हाई स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डायरेक्टर मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच अन्योन्याश्रय संबंध सदियों से चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने सर्वगुण संपन्न होने के बावजूद गुरु के आश्रम में जाकर शिक्षा ग्रहण की। इसी प्रकार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने भी गुरु आश्रम में रहकर विद्या प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह परंपरा आज भी प्रासंगिक है। विद्यार्थी के जीवन में सच्चे गुरु का मार्गदर्शन उसकी सफलता की आधारशिला बनता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी दोनों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। तभी देश विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ते हुए विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
समारोह को विद्यालय की प्राचार्य सिमरन सिन्हा, उपप्राचार्य मेरी ग्रेस लकड़ा, शिक्षक सुनील शुक्ला एवं शिक्षिका रेणु कुमारी ने भी संबोधित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं की छात्रा संध्या कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खुशी कुमारी ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

