पलामू : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र स्थित पाटन-पंडवा मुख्य मार्ग पर उताकी मोड़ के पास कुत्ते को बचाने के दौरान एक टेम्पो पलट गया। इस हादसे में उस पर सवार चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव की निवासी 60 वर्षीय कुंती कुंवर की मौत हो गई। वहीं, राजकुमार सिंह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमआरएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे की है।
बेटी के घर से लौट रही थी महिला
मृतक महिला कुंती कुंवर अपनी मंझली बेटी के घर से लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक कुत्ता दौड़ने लगा। कुत्ते को बचाने के प्रयास में टेम्पो का चालक अपना संतुलन खो बैठा और टेम्पो पलट गया। इस दुर्घटना में टेम्पो में सवार तीन-चार लोगों में से कुंती कुंवर और राजकुमार को ज्यादा चोटें आईं।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत महिला और घायल राजकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर स्थित एमआरएमसीएच रेफर किया गया। राजकुमार के बारे में यह जानकारी मिली है कि वह उताकी गांव में अपने भांजे अवधेश सिंह के घर आए थे और वहां से लौटते वक्त यह हादसा हुआ।

