जमशेदपुर : प्रतिभाएं सिर्फ प्राइवेट स्कूलों में ही नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों में भी हैं, जिन्हें गुदड़ी का लाल भी कहते हैं। इन्हीं में से एक है, जमशेदपुर का छात्र विक्की कुमार, जिसने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा मेला में अपनी प्रतिभा साबित की है। शहर के टेल्को क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लक्ष्मीनगर के सातवीं कक्षा के छात्र विक्की कुमार ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा मेला में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विक्की ने बनायी ड्राइंग, जीता दूसरा पुरस्कार
अलीग एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी और टाटा पावर द्वारा आयोजित इस ऊर्जा मेला में विक्की कुमार को पहले जिला स्तरीय ऊर्जा मेला में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय ऊर्जा मेला के लिए हुआ, जहाँ उन्होंने ऊर्जा से संबंधित ड्राइंग बनाई। इस प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए विक्की ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
विक्की एक उत्कृष्ट छात्र है : प्राचार्य
विद्यालय की प्राचार्य, प्रिया कुमारी सिंह ने विक्की की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि विक्की एक प्रतिष्ठित छात्र है, जो कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है और पुरस्कार भी प्राप्त कर चुका है। उन्होंने विक्की को इस सफलता के लिए बधाई दी और भविष्य में और भी उपलब्धियों की कामना की।

