
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। बारिश के कारण ग्रामीणों के कच्चे मकानों पर खतरा मंडराने लगा है। ताजा मामला छोटानागरा पंचायत के दुबिल गांव का है, जहां सोमवार को भारी बारिश के बीच रूइदास आईंद नामक ग्रामीण के मिट्टी के घर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
बाल-बाल बचा परिवार, जान-माल का खतरा बरकरार
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि दीवार गिरने से किसी को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवार के अनुसार, बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से मकान की बची हुई दीवारें भी पूरी तरह सीलन से जर्जर हो चुकी हैं और उनके कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ है।
सांप-बिच्छू और बारिश के पानी से बढ़ी चिंता
दीवार गिरने के कारण पूरा घर एक तरफ से खुला हो गया है, जिससे बारिश का पानी लगातार अंदर प्रवेश कर रहा है। परिजनों का कहना है कि घर खुला होने से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के घुसने का डर बढ़ गया है, जिससे विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा दांव पर लग गई है। मूसलाधार बारिश के चलते सामान समेटकर कहीं और शिफ्ट होना भी संभव नहीं हो पा रहा, जिसके कारण परिवार डर के साए में उसी क्षतिग्रस्त मकान में रहने को मजबूर है।
प्रशासन से मुआवजे और पक्के मकान की मांग
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने अपील की है कि पीड़ित परिवार को तुरंत आपातकालीन राहत सामग्री पहुंचाई जाए, नुकसान का भौतिक सर्वेक्षण कराया जाए और सरकारी योजना के तहत पीड़ित को मुआवजा तथा पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए ताकि परिवार को सुरक्षित छत मिल सके।
Read Also Chaibasa News : शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को भगा ले जाने का आरोप, थाने में शिकायत दर्ज

