Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंजनगर के अंबेडकर पथ (धोबी लाइन) में शनिवार रात आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में लगी, जिससे लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गौरतलब है कि रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच घर के मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान दीपक जलाया गया था।
दीपक की लौ से लगी आग
परिजनों का अनुमान है कि दीपक की लौ से आसपास रखे सामान में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे पहले फ्रिज में आग लगी थी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को सतर्क किया।
दो घंटे बाद दमकल ने बुझाई आग
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर टाटा स्टील के दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनी में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
Read also – Jamshedpur Murder: मानगो में भगिना से मिलने गए युवक की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या

