Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा एटीएम से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने यहां एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड एटीएम में फंस जाने के बाद व्यक्ति के बैंक खाते से 47800 रुपए की ठगी कर ली है। जिस व्यक्ति के अकाउंट से रुपए निकाले गए हैं, उसका नाम कामता प्रसाद है। वह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के आद्या मंदिर रोड रेडियो मैदान का रहने वाला है। रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
बैंक जा रहा था तभी आने लगा मैसेज
कामता प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह 30 मई शनिवार को एटीएम से पैसा निकालने गया था। उसका एटीएम फंस गया। एटीएम के सामने एक व्यक्ति मिला। उसने सलाह दी कि बैंक में शिकायत करो। वह बैंक में शिकायत करने गया। तब तक उसने देखा कि उसके खाते से 47800 रुपए निकाल लिए गए हैं। कामता प्रसाद के आवेदन पर सीताराम डेरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Read also – Jamshedpur Fire : सोनारी में मकान की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

