Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई है। युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह है। शव आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रात भर युवक को खोजते रहे परिजन

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह स्थित अपने भगिने से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा।
किसी युवती ने फोन कर दी घटना की सूचना
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर परिवार को विकास का शव मिलने की सूचना दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। चोटों की प्रकृति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस हत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Read also- Jharkhand Tourism : पहाड़ों व जंगलों के बीच चांडिल में लीजिए गोवा जैसा आनंद

