RANCHI: खलारी थाना क्षेत्र में रांची पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टीएसपीसी से जुड़े एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया है, जो लेवी वसूली के लिए जा रहा था। गिरफ्तार उग्रवादी के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि 16 दिसंबर 2025 को खलारी थाना क्षेत्र में उग्रवादियों ने लेवी वसूली के लिए फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
इस मामले में रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जंगल और पहाड़ी इलाकों में लगातार सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर देव जी के दस्ते से जुड़े कुछ उग्रवादी लेवी वसूली के लिए जाने वाले हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक उग्रवादी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह टीएसपीसी के शीर्ष कमांडर देवा उर्फ दरोगा के दस्ते का सक्रिय सदस्य है और संगठन के लिए लेवी वसूली व दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।

