लखनऊ : उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होगी। शारीरिक मानक परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन में सफल अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
बोर्ड ने बताया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले चरण के लिए अर्ह अभ्यर्थी तीन फरवरी से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि दूसरे चरण का प्रवेश पत्र 10 फरवरी को जारी किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी हो रही है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 8867786192 पर संपर्क कर सकता है।
इतने समय में पूरी करनी होगी दौड़
- पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किमी दौड़ पूरी करनी होगी।
- महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किमी दौड़ पूरी करनी होगी।
समिति कराएगी परीक्षा
दौड़ परीक्षा बोर्ड द्वारा गठित समिति कराएगी, जिसमें जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित उप जिलाधिकारी, सीएमओ द्वारा नामित डॉक्टर और कमिश्नर/एसएसपी द्वारा नामित डिप्टी एसपी शामिल होंगे। परीक्षा में समय की मैनुअल रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं होगी, और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और बायोमेट्रिक्स का प्रयोग किया जाएगा।
ये हैं महत्वपूर्ण निर्देश
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र और आधार कार्ड लेकर आना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचता है, तो वह समिति को कारण बताते हुए प्रत्यावेदन दे सकता है। प्रत्यावेदन केवल व्यक्तिगत रूप से या प्रतिनिधि के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा। डाक या ई-मेल से भेजे गए प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं होंगे।

