चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाल ही में हाथी के हमले से लोगों की मौत की खबरों के बीच अब उसी इलाके से एक और बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरकट्टा रेमरा जंगल के बाईहातू गांव में एक जंगली दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास जंगल में हाथी का शव देखा गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने हाथी के शरीर पर गंभीर चोट के निशान देखे, वहीं उसका एक दांत भी गायब पाया गया है। इससे हाथी की मौत को लेकर अवैध शिकार या तस्करी की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई। मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ आदित्य नारायण ने बताया कि दंतैल हाथी की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इधर, दंतैल हाथी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि तस्करों द्वारा हाथी का एक दांत काटकर ले जाने की आशंका है। सुरक्षा की दृष्टि से टोन्टो और जेटिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, इलाके में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि कहीं यह वही ‘हत्यारा हाथी’ तो नहीं, जिसके हमले से पहले ही 22 लोगों की जान गई थी। फिलहाल वन विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच जारी है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह मामला प्राकृतिक मौत का है या फिर हाथी तस्करी और शिकार से जुड़ा हुआ।

