चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा-मनोहरपुर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा (West Singhbhum Accident) हुआ, जिसमें बाइक सवार एक युवक और एक युवती की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना महादेवशाल सैप कैंप के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई। मृतकों में युवक की पहचान गोइलकेरा के खूंटपाई निवासी 18 वर्षीय पोंडेराम हाईबुरु के रूप में हुई है, जबकि युवती मनोहरपुर प्रखंड के सोनपोखरी की बताई जा रही है।
घटना की सुचना मिलते ही गोइलकेरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर लिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार युवक हीरो ग्लैमर बाइक पर सवार होकर युवती को लेकर डेरावां छोर से गोइलकेरा की ओर आ रहे थे। बाइक को युवक चला रहा था और युवती पीछे बैठी थी। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी और फरार हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक-युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों के सिर पर गंभीर चोट आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और राहगीरों की भीड़ लग गई। हादसे के कारण मार्ग में सड़क यातायात भी बाधित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने क्लियर करवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर एक मालवाहक वाहन को खड़ा पाया, जिसका नंबर सीजी04एनडब्ल्यू/6879 है।
ग्रामीणों का कहना है कि इसी मालवाहक वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे दूसरे वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी और भाग निकला। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। दुर्घटना को अंजाम देने वाला चालक फरार है।

