Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला के मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडवीर बरकेला गांव में मंगलवार शाम बीए की छात्रा 23 वर्षीय पिंकी बोइपाइ की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है।
घटना के संबंध में परिजनों के अनुसार मंगलवार को किसी बात को लेकर पिंकी का घर में विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह गुस्से में अपने कमरे में चली गई। रात में खाना खाने के लिए आवाज देने पर जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला बाद में खिड़की के कमरे में देखा। कमरे में पिंकी को मृत अवस्था में देख परिजनों ने आसपास के लोगों को बुलाया।
बुधवार सुबह मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों ने बताया कि पिंकी टाटा कॉलेज में बीए की छात्रा थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
Read Also: Jamshedpur Suicide: जमशेदपुर में टाटा स्टील UISL के फागिंग मशीन संचालक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

