Jamshedpur : शनिवार को एक्सएलआरआइ–जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर में 70वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन टाटा ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के कुल 530 छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। समारोह के मुख्य अतिथि आईसीआईसीआई बैंक के सीईओ और एक्सएलआरआइ के पूर्व छात्र संदीप बख्शी रहे। उन्हें औद्योगिक और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संस्थान का सर्वोच्च सम्मान ‘सर जहांगीर गांधी मेडल फॉर इंडस्ट्रियल एंड सोशल पीस’ प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में संदीप बख्शी ने कहा कि स्वतंत्रता के समय कई देश भारत के साथ आजाद हुए, लेकिन भारत ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि अवसर सभी को समान मिलते हैं, पर उनका उपयोग अलग-अलग तरीके से होता है। भारत की वित्तीय सेवाएं अर्थव्यवस्था की प्रगति से गहराई से जुड़ी रही हैं और मजबूत नियामक ढांचा देश को स्थिर वित्तीय प्रणाली प्रदान करता है।उन्होंने बताया कि आईसीआईसीआई की स्थापना 1955 में हुई और इसकी सफलता संस्थापकों की दूरदर्शिता का परिणाम है।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनकी पेशेवर यात्रा की शुरुआत है। चुनौतियों के बावजूद भारत मजबूत है। उन्होंने छात्रों से उत्कृष्टता, निरंतर सीखने, विनम्रता और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। स्नातक होना केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने मूल्यों और निर्णयों से भविष्य गढ़ने का समय: नरेंद्रनएक्सएलआरआइ के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने दीक्षांत समारोह को आत्मचिंतन और भविष्य की जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने संस्थान की उत्कृष्टता, मूल्य-आधारित नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए 2026 बैच की उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही छात्रों से अनुशासन, धैर्य और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने की अपील की।
वहीं, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन टी.वी. नरेंद्रन ने कहा कि स्नातक होना केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने मूल्यों और निर्णयों से भविष्य गढ़ने का समय है। उन्होंने कोविड-19, रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य-पूर्व के संघर्षों का उदाहरण देते हुए वैश्विक घटनाओं की समझ को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया आपस में जुड़ी हुई है और वैश्विक सप्लाई चेन की चुनौतियों को समझना युवाओं के लिए आवश्यक है।उन्होंने सॉफ्ट स्किल्स, आजीवन सीखने और सामाजिक दायित्व निभाने पर जोर दिया।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां, तनाव और असफलताएं आएंगी, लेकिन सफलता उन्हीं को मिलती है जो इन्हें सही तरीके से संभालते हैं। अंत में उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अकादमिक उत्कृष्टता के लिए इन्हें किया गया सम्मानित
एक्सएलआरआइ मेडल फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस (2025-26) के तहत विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया। पारिनीत रेड्डी मेडल (बेस्ट ऑलराउंड स्टूडेंट) अभिनव सिंह रॉय को प्रदान किया गया, जबकि गीता सक्सेना मेडल (बेस्ट ऑलराउंड वुमन स्टूडेंट) अनुष्का चतुर्वेदी को मिला। के.वी.के. राजू मेडल (आउटस्टैंडिंग एफपीएम स्टूडेंट) सुधांशु भट्ट को दिया गया। इसके अलावा एचआरएम में खुशी कौर मेहता और बीएम में निश्चल गोयल ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया। अन्य कार्यक्रमों में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। वहीं, सामाजिक क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए नेहल जैन और सम्यक जैन को सम्मानित किया गया। समारोह में मेधावी छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस वर्ष कुल 530 विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रमों में सफलता हासिल की:
एफपीएम: 9
एचआरएम: 179
बीएम: 219
जीएमपी: 111
एलएससीएम: 12

