एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई : डॉन, पठान, जवान और माइ नेम इज खान जैसी फिल्मों के जरिए करोड़ों दिलों पर राज करने वाले फिल्म अभिनेता शाहरुख खान इन दिनों मुश्किल में है।
बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की सुरक्षा बढ़ाई गई है। मुंबई पुलिस ने शाहरुख खान को वाई प्लस (Y+) कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। जानकारी के मुताबिक शाहरुख खान को जान की धमकी मिल रही थी। इसके बाद, मुंबई पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा प्रदान की है। Y+ श्रेणी सुरक्षा के तहत शाहरुख खान के साथ अब 24 घंटे 6 हथियारबंद जवान मौजूद रहेंगे। इससे पहले शाहरुख खान के साथ सरकार की तरफ से दिए गए केवल दो जवान मौजूद रहते थे। शाहरुख खान से पहले फिल्म अभिनेता सलमान खान को भी यह सुरक्षा प्रदान की जा चुकी है।
गैंगस्टर ने दी धमकी, अभिनेता ने सरकार को लिखा पत्र
शाहरुख खान की फिल्में लगातार हिट हो रही हैं। इस बीच में गैंगस्टर की तरफ से जान से मारने की धमकियां आने लगी है। उन्होंने इस बारे में महाराष्ट्र सरकार को पत्र लिखा था। महाराष्ट्र सरकार की तरफ से शाहरुख खान को Y+ सुरक्षा प्रदान की गई है। किंग खान के साथ हर समय बॉडीगार्ड के तौर पर 6 पुलिस कमांडो रहेंगे। यह सभी महाराष्ट्र पुलिस के जवान होंगे। पूरे भारत में ‘जवान’ अभिनेता को सुरक्षा दी जाएगी। बता दें कि शाहरुख खान की सुरक्षा में तैनात ये सभी बॉडीगार्ड ग्लॉक पिस्तौल, एमपी-5 मशीन गन और एके-47 असॉल्ट राइफल से लैस होंगे। इसके अलावा किंग खान के घर पर भी हर समय चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किंग खान को मिली Y+ सिक्योरिटी का खर्चा खुद शाहरुख खान उठाएंगे। इसका भुगतान एक्टर को महाराष्ट्र सरकार को करना होगा।
लंबे समय से अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर के निशाने पर हैं शाहरुख
शाहरुख खान भारत के सबसे लोकप्रिय और सफल अभिनेताओं में से एक हैं। उनकी प्रसिद्धि और धन अपराधियों को उन्हें डराने के लिए आकर्षक करते हैं। अभिनेता को लंबे समय से अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर धमकी दे रहे हैं। अंडरवर्ल्ड के लोग बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता और अभिनेत्री को अक्सर निशाना बनाते हैं। उन्हें ब्लैकमेल कर फिरौती के लिए मजबूर कर सकते रहे हैं।
महाराष्ट्र सरकार के खुफिया विभाग ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को मिल रही जान से मारने की धमकी को बेहद गंभीरता से लिया है। इसकी जांच की गई है। इसके बाद सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया है। अलग-अलग सूत्रों के हवाले से यह बात भी कही जा रही है कि शाहरुख खान ने राज्य सरकार को लिखित शिकायत दी थी। हाल ही में उनकी फिल्म “पठान” और “जवान” के हिट होने के बाद शाहरुख खान एक बार फिर अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं।
सुपरहिट फिल्मों के बाद जान को खतरा
शाहरुख का स्टारडम इस साल अलग लेवल पर जलवा दिखा रहा है। अबतक उनकी दो फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। वर्ल्डवाइड 1055 करोड़ का कलेक्शन करने वाली ‘पठान’ और इसे पीछे छोड़कर 1100 करोड़ कमाने वाली ‘जवान’ से शाहरुख ने पूरी इंडस्ट्री में धमाका कर दिया है। दोनों फिल्मों ने सिनेमाघरों पर बेजोर प्रदर्शन किया है। किंग शाहरुख का तो हर कोई फैन है लेकिन इनकी फिल्म जवान और पठान का भी फैन बेस बन गया है। इन्हीं धमाकेदार फिल्मों के बाद शाहरुख को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। बता दें कि साल की उनकी तीसरी फिल्म ‘डंकी’ दिसंबर में रिलीज होने वाली है। इससे भी तगड़े धमाल की उम्मीद की जा रही है।
सलमान खान को भी मिल चुकी है सुरक्षा
इससे पहले, बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सलमान खान को पिछले साल सुरक्षा प्रदान की गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों के बाद उन्हें Y+ सुरक्षा स्तर प्रदान की गई थी। उन्हें खतरों से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया था। नवंबर 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में कथित तौर पर शामिल लॉरेंस बिश्नोई की ओर से दी गई धमकी के बाद कथित खतरों के मद्देनजर सलमान खान की सुरक्षा को एक्स से बढ़ाकर Y+ कर दिया गया। कंगना रनौत को भी Y+ कवर दिया गया था। वहीं, शाहरुख खान का मुंबई अंडरवर्ल्ड के साथ टकराव भी चर्चा में है। हाल ही में, फिल्म मेकर संजय गुप्ता ने उनकी फिल्म “जवान” को सोशल मीडिया पर काफी सराहा और उनके साहसिक प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने गैंगस्टरों से खतरों सहित चुनौतियों का सामना करने के लिए शाहरुख खान के दृढ़ संकल्प को भी सराहा।

