नई दिल्ली : Delhi Weather Update : देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार से 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हुई। बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं रंजीत नगर, चाणक्यपुरी और प्रेम नगर इलाके में हुईं।

रंजीत नगर में कपड़े प्रेस कर गुजर-बसर करने वाली महिला की सड़क पर भरे पानी में करंट आने से मौत हो गई। वहीं अधिकारी ने बताया है कि ‘प्रारंभिक जांच के अनुसार पीड़िता की पहचान सीमा बताया गया है। सीमा 40 साल की थी। वहीं सड़क पर जमा पानी में करंट आने के कारण उसकी मौत हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही बता दें कि सीमा के पति मजदूर हैं और उनके दो बच्चे भी हैं।
वहीं मध्य दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में अपने दोस्तों के साथ खेल रहे 15 वर्षीय लड़के की ब्रिटिश स्कूल के पास सड़क किनारे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूब जाने से मौत हो गई। लड़का सड़क किनारे खड़ी एक कार के नीचे फंस गया था, जिसके कारण वह डूब गया।
वहीं पुलिस ने बताया कि गुरुवार को उत्तरी दिल्ली के रोहिणी इलाके में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की अपने घर के बाहर करंट लग जाने से मौत हो गई। पीड़ित संजय प्रेम नगर इलाके में स्थित अपने घर के बाहर जमा पानी में फिसल गए और उन्हें बिजली का झटका लगा। उन्हें आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिल्ली नगर निगम एमसीडी का एक स्कूल पूरी तरह से बारिश के पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें छात्र डेस्क पर चढ़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना पर एमसीडी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बताया जाता है कि यह वीडियो रोहिणी का है।
Read Also-Jharkhand Weather Forecast : झारखंड में 21 से 23 तक भारी बारिश की चेतावनी

