सेंट्रल डेस्क : रणवीर अल्लाहबादिया यूट्यूब की दुनिया में एक बड़ा नाम बन चुके हैं। अपनी मेहनत की बदौलत उन्होंने इस कदर पॉपुलैरिटी हासिल की, अपनी ऐसी पहचान पाई कि बॉलीवुड के बड़े-बड़े स्टार्स उनके यूट्यूब चैनल पर आने लगे। अक्षय कुमार, जैकी श्रॉफ, जॉन अब्राहम जैसे बड़े सितारे उनके पॉडकास्ट में आ चुके है। हालांकि, उनका यहां तक का सफर आसान नहीं था। बताया जाता है कि अब उनका यूट्यूब चैनल हैक हो गया है।
एक वक्त था जब वो डिप्रेशन के शिकार हो गए थे। एक समय ऐसा भी आया जब दो साल में उनकी तीन बार सर्जरी हुई। इन सबके बावजूद यूट्यूब की दुनिया में उन्होंने खुद का नाम बनाया। हालांकि, अब उनकी सालों की मेहनत पर पानी फिर गया है। उनके दोनों यूट्यूब चैनल को हैक कर लिया गया हैं। एक चैनल का नाम बीयरबाइसेप्स था और दूसरा उनके नाम पर ही था। वहीं चैनल हैक होने के बाद रणवीर काफी चर्चा में बने हुए हैं।
एलन मस्क बनके हैकर ने किया लाइव स्ट्रीम
रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने यूट्यूबर के चैनल पर मौजूद सभी वीडियो को डिलीट कर दिया है। साथ ही, हैकर्स ने एआई जेनरेटेड डीपफेक वीडियो का सहारा लेकर एलन मस्क जैसे दिखने वाले शख्स के साथ लाइव स्ट्रीम भी किया। लाइव स्ट्रीम में हैकर ने लोगों से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने के लिए कहा और यह वादा किया कि उनका पैसा दोगुना हो जाएगा।
फिलहाल यूट्यूब से दोनों चैनल हटा दिए गए हैं। जब इन दोनों चैनल को सर्च किया गया तो यू्ट्यूब ने बताया कि यह कंपनी की पॉलिसी के खिलाफ थे। यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया की तरफ से फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

