चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के तरकटकोचा पंचायत के गुलरुवां गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आपसी विवाद में 40 वर्षीय लक्ष्मण कायम की लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी वीरसिंह कायम जो मृतक का पड़ोसी है, पर हत्या का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, वीरसिंह कायम की मां को किसी बात को लेकर लक्ष्मण कायम ने गाली दी थी। इसी बात को लेकर वीरसिंह कायम ने लक्ष्मण कायम से बहस शुरू की। विवाद इतना बढ़ गया कि वीरसिंह कायम ने लोहे के रॉड से लक्ष्मण कायम को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मण कायम कई सालों से पंजाब में काम कर रहा था और हाल ही में अपने गांव लौटा था। हत्या के बाद क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित होने के कारण घटना की सूचना शुक्रवार की देर शाम गोइलकेरा पुलिस को मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस हत्यारोपी वीरसिंह कायम की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया।
कानून व्यवस्था पर सवाल
कोल्हान क्षेत्र में हुई यह हिंसक घटना दर्शाती है कि छोटी-छोटी बातों पर भी लोग कानून को अपने हाथ में लेने से नहीं हिचकते। पुलिस को इस मामले में सख्ती से निपटने की आवश्यकता है, ताकि क्षेत्र में कानून का राज स्थापित हो सके और इस तरह की बर्बर हिंसा की पुनरावृत्ति न हो।
Read Also-Saraikela News : सदर अस्पताल में घुसने से रोके गए जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो

