Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के धुनी रोड पर टाटा स्टील के एक वेंडर कर्मचारी गोरचंद महतो ने आत्मदाह कर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। उन्होंने पीएफ की रकम मिलने में देरी की वजह से तनाव के चलते आत्मदाह कर लिया। उन्होंने अपने क्वार्टर में पीछे आंगन में जाकर खुद को आग लगा ली। जब तक लोग समझ पाते और मौके पर पहुंच कर आग बुझाई जाती उनके प्राण-पखेरू उड़ चुके थे। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें गोरचंद महतो ने बताया है कि वह लंबे समय से अपने पीएफ के भुगतान के लिए कोशिश कर रहे थे। बार -बार पीएफ दफ्तर का चक्कर काट रहे थे। लेकिन, उन्हें पीएफ की रकम नहीं मिल रही थी। उनके घर में आर्थिक तंगी बढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्मदाह कर लिया।
उन्होंने अपने क्वार्टर में ही आत्मदाह किया। इस घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। कई स्थानीय समाजसेवी और श्रमिक संगठन उनके घर पहुंचे हैं। परिवार के लोगों से मुलाकात की गई है। सभी का कहना है कि वह इस मामले की जांच कराएंगे और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे।

