Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी स्थित डोबो पुल पर मंगलवार देर रात मिली एक लावारिस स्कूटी के मामले ने बुधवार सुबह चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। जिस युवक के नदी में कूदने की आशंका में पुलिस और परिजन पूरी रात खोजबीन करते रहे, वह युवक सुरक्षित हालत में साकची में मिला।
गौरतलब है कि परसुडीह गोलपहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश कुमार मंगलवार रात करीब 11 बजे अचानक लापता हो गया था। डोबो पुल पर उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी लावारिस हालत में मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने अंदेशा जताया कि उसने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी है।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रात भर टॉर्च की रोशनी में नदी में उसकी तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिजन बदहवास रहे और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही।हालांकि बुधवार सुबह मामला पूरी तरह पलट गया। पता चला कि अविनाश पूरी रात साकची गुरुद्वारा के पास एक किराए के मकान में ठहरा हुआ था।
सुबह मकान मालिक ने परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उसका मामा उसे घर ले गया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अविनाश अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर मानसिक तनाव में था। गोविंदपुर स्थित किराए के मकान में दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी तनाव में उसने अपनी मौत का झूठा माहौल बनाने के लिए यह पूरा ड्रामा रचा।इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक ओर पुलिस और स्थानीय लोग पूरी रात नदी में खोजबीन करते रहे, वहीं युवक शहर में ही सुरक्षित मौजूद था। इससे न सिर्फ पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग हुआ, बल्कि परिजनों और आम लोगों को भी भारी मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी।फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और झूठी सूचना देकर प्रशासन को गुमराह करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

