रांची : जमीन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) झारखंड की राजधानी रांची में ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। यह छापेमारी जमीन घोटाले के आरोपियों को ईडी से बचाने के नाम पर वसूली मामले से जुड़ा है। ईडी ने सोमवार की सुबह राजधानी के रातू रोड, हरमू, मोरहाबादी सहित छह ठिकानों में छापेमारी शुरू कर दी है। ईडी की टीम ने रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड में विजय अग्रवाल के आवास सहित कई अन्य स्थानों पर दबिश दी है। इसके अलावा हरमू और मोरहाबादी में भी छापेमारी की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
ईडी की यह कार्रवाई रांची के पंडरा थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की गई है। इस मामले में एक अधिवक्ता सुजीत कुमार पर ईडी को मैनेज करने के नाम पर छह करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। मामले में ईडी ने ईसीआईआर (ईकानामिक ऑफेंस कंप्लेंट रिपोर्ट) दर्ज की है।
पहले भी हो चुकी है छापेमारी
इससे पहले आठ अक्टूबर को भी ईडी ने इसी मामले में रांची, धनबाद और पटना के आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की थी। इन ठिकानों में पंडरा क्षेत्र में रहने वाले अधिवक्ता सुजीत कुमार, कांके के अंचलाधिकारी जय कुमार राम, पूर्व अंचलाधिकारी सह धनबाद के डीटीओ दिवाकर द्विवेदी, नामकुम के पूर्व अंचलाधिकारी प्रभात भूषण तथा जमीन कारोबारी संजीव पांडेय से जुड़े ठिकाने शामिल थे। इन छापेमारी में कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच अभी जारी है। ईडी ने 12 अक्टूबर को भी चुटिया में छापामारी की थी।
Read Also-झारखंड में ED की ताबड़तोड़ रेड जारी, ग्रामीण विकास मंत्री के PS के घरेलू कर्मी से मिले 25 करोड़ कैश

