Home » झारखंड चुनाव 2024 : गढ़वा में बोले मोदी- बनाएं डबल इंजन की सरकार, झारखंड का होगा डबल विकास

झारखंड चुनाव 2024 : गढ़वा में बोले मोदी- बनाएं डबल इंजन की सरकार, झारखंड का होगा डबल विकास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झारखंड में पहली चुनावी सभा ने गढ़वा जिले में ऐतिहासिक उत्साह का माहौल बना दिया है। सुबह आठ बजे से ही प्रधानमंत्री को एक नजर देखने एवं सुनने के लिए लोगों की भीड़ सभा स्थल गढ़वा प्रखंड के चेतना में जुटना शुरू हो गई थी।

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : भाजपा ने झारखंड के लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए झारखंड राज्य का निर्माण किया था। कुछ लोग कहते थे कि झारखंड हमारी छाती पर बनेगा। आने वाले 25 वर्ष देश के साथ-साथ झारखंड के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गढ़वा प्रखंड के चेतना में सोमवार को भाजपा की विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि झारखंड में बेहतर सुविधाओं को पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार अपनी ओर से हर कोशिश कर रही है। यहां आप डबल इंजन की सरकार बनाएंगे तो राज्य का विकास भी डबल तेजी से होने लगेगा।

जोहार…, राम-राम… से शुरू किया संबोधन, गूंजी तालियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजय संकल्प सभा में अपना संबोधन जय जोहार, मां गढ़देवी, भगवान बंशीधर एवं शहीद नीलांबर-पीतांबर के इस पावन भूमि पर रउवा सब के राम राम… से संबोधन शुरू किया। उनके इस प्रकार संबोधन करते हुए पूरी सभा नरेन्द्र मोदी की जय से गूंज उठी। पीएम के साथ लोगों ने नारे लगाए- बेटी, रोटी एवं माटी की पुकार, झारखंड में इस बार भाजपा की सरकार।

कहा-भाजपा ने बहुत अच्छा संकल्प पत्र जारी किया


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि मैं झारखंड भाजपा को बहुत बहुत धन्यवाद देता हूं। भाजपा ने यहां बहुत ही अच्छा संकल्प पत्र जारी किया है। गोगो दीदी योजना के तहत हर माता एवं बहनों को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे। भाजपा झारखंड में पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर देगी

भाजपा की गारंटी, कांग्रेस-झामुमो के वादे झूठे


उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा का गारंटी पूरा करने का ट्रैक रिकार्ड है, दूसरी तरफ कांग्रेस, झामुमो एवं राजद के झूठे वायदे हैं। पेपरलीक, परीक्षा में धांधली झारखंड में उद्योग है। झारखंड के युवाओं के साथ झामुमो, कांग्रेस एवं राजद के लोगों ने धोखा देने का काम किया है। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। लेकिन किसी को भत्ता नहीं मिला। पीएम किसान सम्मान योजना को लेकर झामुमो ने किसानों को बरगलाने का काम किया। भाजपा के पास जो नेक नीयत है वह हमारे विरोधी कहां से लाएंगे। कांग्रेस, झामुमो एवं राजद वालों ने गरीबों के घर के नाम पर धोखा दे दिया है। हमने सोलह लाख लोगों के पक्के घर बनाएं। एससी, एसटी, ओबीसी एवं जिनके पास कच्चा घर था उन्हें इसका लाभ मिला।

बड़े व अच्छे काम मेरे नसीब में


मोदी ने कहा कि जो बड़े-बड़े और अच्छे काम होते हैं वह मेरे ही नसीब में होते हैं। झारखंड में किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंन कहा कि दूसरे राज्यों से जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण की जा रही है। झारखंड के युवाओं में टैलेंट की कमी नहीं है। यहां के युवा खेल में क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहे हैं।

23 नवंबर के बाद आपको मिलनेवाला है पक्का घर


झामुमो के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार पर कटाक्ष करते हुए नरेन्द्र मोदी ने लोगों कहा कि वह महागठबंधन के लोगों से पूछे कि अबुआ आवास का क्या हुआ। दूसरी ओर झारखंड भाजपा ने 21 लाख नये घर बनाने का संकल्प लिया है। पार्टी कार्यकर्ता जहां जनसंपर्क में जाएं तो जो लोग झुग्गी-झोपड़ी में कच्चे घर में रहते नजर आएं तो उसे कहना कि 23 नवंबर के बाद आपका घर पक्का बनने वाला है।

भरे जाएंगे तीन लाख सरकारी पद, युवाओं को देंगे भत्ता

युवाओं के प्रति चिंता जताते हुए मोदी ने कहा कि झारखंड में भाजपा सरकार बनने के बाद तीन लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा। भाजपा ने दो हजार रुपये प्रतिमाह युवा साथी भत्ता देने का भाजपा ने निर्णय लिया है। सभी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर बनाएगी। छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। घोषणाओं को पूरा करने के लिए एनडीए सरकार पूरी ताकत से काम करेगी। यह आपको मोदी की गारंटी है। अगर झारखंड में एनडीए की सरकार होती तो सोन कनहर पाइप लाइन परियोजना पूरी हो जाती। भाजपा एवं एनडीए विकास एवं विरासत को आगे बढ़ाने का काम करती है।

किसी के बहकावे में नहीं आएं


चुनाव के दौरान तरह-तरह के अपवाहों की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा है। आपको किसी अफवाह के झांसे में नहीं आना है। तरह-तरह के प्रलोभव व झूठ बोलकर किसी तरह सत्ता पर काबिज होने के प्रयास को अब जनता खूब समझ रही है। महागठबंधन के लोग झूठे वायदा कर लोगों को भरमाने का काम करते हैं। हरियाणा में भी झूठ बोलकर सत्ता में आने का प्रयास किया। लेकिन हरियाणा के मतदाताओं ने इन्हें सबक सिखाने का काम किया। कांग्रेस के अध्यक्ष खरगे जी ने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी वायदे किया करती है।

झारखंड का सबसे बड़ा दुश्मन भ्रष्टाचार व परिवारवाद


उन्होंन कहा कि झारखंड में सबसे बड़ा दुश्मन परिवारवाद है। झामुमो, कांग्रेस एवं राजद के लोग चाहते ही सत्ता की चाबी इनके ही पास रहे। इन्होंने चम्पाई सोरेन को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ऐसे स्वार्थी लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। झारखंड में पिछले पांच वर्षों में भष्ट्राचार का सारा रिकार्ड टूट गया है। मंत्री, विधायक एवं सांसद के यहां से नोटों का पहाड़ निकलता है। आपके हक का आपके अधिकार का हक इन्होंने लूटा है। केंद्र सरकार ने हर घर में जल भेजने की योजना बनाई। लेकिन यहां कांगेस, झामुमो एवं राजद के लोगों ने इसके लिए दिए गए पैसों को अपने जब में भर लिया। झारखंड की सरकार माफिया की गुलाम बन गई है। ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा झारखंड में खूब फल-फूल रहा है। झामुमो, कांग्रेस एवं राजद तुष्टिकरण की राजनीति करती है। यहां सरकारी तंत्र में ही घुसपैठ हो चुकी है। ये आपकी बेटी और रोटी को छिन रहे हैं।

मोदी को सुनने के लिए सुबह से ही उमड़ी भीड़


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झारखंड में पहली चुनावी सभा ने गढ़वा जिले में ऐतिहासिक उत्साह का माहौल बना दिया है। सुबह आठ बजे से ही प्रधानमंत्री को एक नजर देखने एवं सुनने के लिए लोगों की भीड़ सभा स्थल गढ़वा प्रखंड के चेतना में जुटना शुरू हो गई थी। सभा स्थल पर लोगों द्वारा भारत माता की जय, जय भाजपा, तय भाजपा आदि नारे लगाए जा रहे थे। लोग भाजपा का झंडा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बैनर पोस्टर को हाथों में लेकर उनके सभा स्थल पर पहुंचने का बेसब्री से इंतजार करते दिखे। हर ओर मोदी-मोदी के नारे से पूरा माहौल गूंज रहा है।

मोदी के कार्यक्रम में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा


सभा स्थल पर भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा मंच पर लगा हुआ है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी, पलामू सांसद वीडी राम, गढ़वा से भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र नाथ तिवारी, विश्रामपुर के प्रत्याशी रामचंद्र चंद्रवंशी, डालटनगंज के प्रत्याशी आलोक चौरसिया, भवनाथपुर के प्रत्याशी भानु प्रताप शाही सहित पलामू प्रमंडल के सभी नौ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी मंच पर पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री की इस सभा ने समर्थकों में नई उर्जा का संचार करने का काम किया है।

Read Also- PM नरेंद्र मोदी सोमवार को चाईबासा में, भाजपा समेत सभी एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में करेंगे चुनावी जनसभा

Related Articles