रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को स्मार्ट सिटी रांची में राज्य सरकार के मंत्रियों के लिए बनाए जा रहे नवनिर्मित आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवास से जुड़े कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित आवास के अलावा पूरे आवासीय परिसर के निर्माण कार्य 15 जनवरी 2025 तक पूरे कर लिए जाएं। जिससे कि मंत्रियों को आवास आवंटित किया जा सके। उन्होंने परिसर में बने क्लब हाउस, बैडमिंटन कोर्ट, पुलिस बैरक समेत अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों को सभी सुविधाओं के अनुरूप आवश्यक सुधार और विस्तार के निर्देश दिए। इसके साथ ही बच्चों के खेलने की व्यवस्था, परिसर में झूला सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने को कहा। 11 एकड़ में बन रहा है बंगला बता दें कि पहली बार झारखंड के सभी 11 कैबिनेट मंत्रियों को विधानसभा के पास ही आवास मिलेगा। स्मार्ट सिटी परिसर के भीतर स्थित नवनिर्मित बंगलों में एक समान डिजाइन है। जुड़को 108 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ में आवासीय परिसर का निर्माण करा रहा है।
ग्राउंड फ्लोर पर एक मास्टर बेडरूम, दो एक्सट्रा बेडरूम, एक किचन, एक ड्राइंग रूम, एक पूजा रूम, एक गेस्ट रूम और स्टाफ के लिए क्वार्टर शामिल हैं। बंगले के चारों ओर हरे-भरे लॉन हैं। जिसमें सेंसर वाले गेट, चौबीसों घंटे निगरानी और गार्ड रूम भी है। निरीक्षण में ये रहे मौजूद विधायक कल्पना सोरेन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव नगर विकास विभाग सुनील कुमार, सचिव भवन निर्माण विभाग अरवा राजकमल, सीईओ स्मार्ट सिटी अमित कुमार, जीएम स्मार्ट सिटी राकेश नंदकुलियार समेत अन्य मौजूद थे।

