बरेली: भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद शमी के ‘एनर्जी ड्रिंक’ पीने को लेकर पहले विवादित बयान देने वाले बरेली के स्वयंभू धर्मगुरु और ‘ऑल इंडिया मुस्लिम जमात’ के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अब शमी की बेटी आयरा के होली खेलने पर आपत्ति जताई है। रजवी ने इसे “शरीयत के खिलाफ” करार दिया और कहा कि मुसलमानों को होली जैसे हिंदू त्योहार से बचना चाहिए।
शनिवार शाम जारी एक वीडियो में मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा, “अगर आयरा बिना समझे होली खेल रही है तो कोई बात नहीं, लेकिन अगर वह समझदार है और फिर भी होली खेलती है, तो इसे शरीयत के खिलाफ माना जाएगा।” उन्होंने कहा कि उन्होंने शमी को पहले भी नसीहत दी थी, लेकिन अब शमी की बेटी का होली खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मौलाना रजवी ने आगे कहा, “मैंने शमी समेत उनके सभी परिवारजनों से अपील की है कि जो भी चीजें शरीयत के खिलाफ हैं, उन्हें अपने बच्चों से करने को न कहें। होली हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है, लेकिन मुसलमानों को होली खेलने से बचना चाहिए। अगर कोई शरीयत को जानकर भी होली खेलता है, तो वह गुनाह है।”
यह पहला मौका नहीं है जब मौलाना रजवी ने शमी के धार्मिक कर्तव्यों को लेकर बयान दिया है। इससे पहले, छह मार्च को उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में शमी द्वारा एनर्जी ड्रिंक पीने पर उन्हें गुनाहगार और शरीयत के खिलाफ करार दिया था। उन्होंने शमी से अपील की थी कि वह अपने धर्म के प्रति जिम्मेदार रहें और शरीयत के नियमों का पालन करें।
Read also Yogi Adityanath : योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी के ‘मृत्यु कुंभ’ वाले बयान पर साधा निशाना

