लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को डिफेंस कॉरिडोर के लखनऊ नोड में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन करते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब तक डिफेंस सेक्टर से जुड़ी 57 MoU हो चुके हैं, जिनसे करीब 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 60 हजार से अधिक रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में जहां रोजगार के अवसर नहीं थे और युवा पलायन कर रहे थे, वहीं आज राज्य में देश-विदेश से निवेशक आ रहे हैं। कानपुर में सेना के लिए गोला-बारूद उत्पादन केंद्र की स्थापना की गई और अब उसका विस्तार हो रहा है। लखनऊ में 200 एकड़ भूमि दिए जाने के बाद ब्रह्मोस जैसी कंपनियों ने उत्पादन कार्य शुरू कर दिया है। यहां ब्रह्मोस से जुड़ी 7 एंकर यूनिट्स लगाई जा रही हैं।
50 हजार करोड़ निवेश और 1 लाख नौकरियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से राज्य में 50 हजार करोड़ रुपये का कुल निवेश और एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। पीटीसी, डीआरडीओ, एलएंडटी जैसी बड़ी इकाइयाँ न सिर्फ निवेश कर रही हैं बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार भी प्रदान कर रही हैं।
UP डिफेंस कॉरिडोर बनेगा भारत का रक्षा उत्पादन केंद्र
कार्यक्रम में रक्षामंत्री ने भी शिरकत की और कहा कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर भारत के रक्षा उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। कानपुर, झांसी, लखनऊ, अलीगढ़ जैसे नोड्स भविष्य में औद्योगिक विकास के प्रमुख हब बनेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम के किसी शहर में अभूतपूर्व प्रगति होती है, तो उसे “कानपुर ऑफ द वेस्ट” कहा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कॉरिडोर में विमान निर्माण, यूएवी, ड्रोन्स, हथियार, टेक्सटाइल, पैराशूट और टाइटेनियम सुपर अलॉय जैसे क्षेत्रों में निवेश हो रहा है। लखनऊ में पीटीसी इंडस्ट्रीज द्वारा टाइटेनियम संयंत्र की शुरुआत की जा रही है और 7 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई है।
लखनऊ: तकनीकी के संगम के रूप में उभरेगा नया पहचान
सीएम योगी ने कहा, “जैसे प्रयाग अपने धार्मिक संगम के लिए प्रसिद्ध है, वैसे ही लखनऊ तकनीक और नवाचार के संगम के रूप में उभर रहा है।”
Read Also: UP News : लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल यूनिट के उद्घाटन पर बोले CM योगी- ‘पाकिस्तान से पूछो इसकी ताकत’

