Home » Pulse Polio Campaign : पल्स पोलियो अभियान : चक्रधरपुर और चाईबासा में बच्चों को पिलाई गई खुराक, विधायक व जिप अध्यक्ष ने की शुरुआत

Pulse Polio Campaign : पल्स पोलियो अभियान : चक्रधरपुर और चाईबासा में बच्चों को पिलाई गई खुराक, विधायक व जिप अध्यक्ष ने की शुरुआत

by Rajeshwar Pandey
Pulse Polio Campaign
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पोलियो दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। चक्रधरपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुखराम उरांव ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। वहीं सदर अस्पताल, चाईबासा में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेंन और सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

चक्रधरपुर में विधायक सुखराम उरांव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि समाज को पोलियो मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पोलियो का टीका बच्चों की सेहत की पहली सुरक्षा है और प्रत्येक माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराएं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के दौरान बच्चों के टीकाकरण के साथ अभिभावकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है तथा कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम घर-घर तक अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

आने वाले दिनों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।इधर, सदर अस्पताल चाईबासा में शुक्रवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में अस्पताल परिसर में केक काटकर बच्चों और अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन का संदेश दिया गया।

जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेंन और सिविल सर्जन डॉ. मांझी ने कहा कि एक भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।सिविल सर्जन डॉ. मांझी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। उन्होंने बताया कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर बच्चे तक पहुंचना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथ स्तर के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिला रही हैं। बड़ी बाजार, सदर बाजार, महुल साई, टुंगरी, चौक चौराहा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष बूथ लगाए गए हैं।दोनों कार्यक्रमों में चिकित्सक, एएनएम, सहिया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने पोलियो को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।

Read Also- Viksit Gram Viksit Bharat : राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन आज से, झारखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 की स्वीकृति पर होगी अहम चर्चा

Related Articles

Leave a Comment