नई दिल्ली : द्वारका की बिंदापुर थाना टीम ने एक ऐसे शातिर डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है, जो अमेजन और फ्लिपकार्ट में रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए हुए उत्पादों से बदलकर कंपनी को नकली रिटर्न के तौर पर जमा करता था। आरोपी की पहचान विजय एनक्लेव, डाबड़ी निवासी 22 वर्षीय किशन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से कुल 38 फर्जी तरीके से बदले गए पैकेट बरामद किए गए हैं।डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि बिंदापुर थाने में एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें डिलीवरी बॉय द्वारा रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए हुए उत्पादों से बदलने की शिकायत थी।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और फील्ड खुफिया जानकारी का उपयोग कर आरोपी को राजापुरी, उत्तम नगर से गिरफ्तार किया।पूछताछ में पता चला कि किशन अमेजन और फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। उसने रिटर्न किए गए सामान को पुराने या इस्तेमाल किए हुए उत्पादों से बदलकर कंपनी को भारी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 38 फर्जी पैकेट बरामद किए, जिनमें एक टैबलेट, एक मोबाइल फोन, 22 कपड़ों के पैकेट, 3 कलाई घड़ियां, 2 जोड़ी स्लीपर, 1 जोड़ी जूते, और 10 अन्य पैकेट थे।पता चला कि किशन ने धोखे से इन सामानों को असली उत्पादों की जगह रिटर्न किया था, जिससे कंपनी को काफी नुकसान हुआ। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है, और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।

