Jamshedpur : जमशेदपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि एक अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि डोबो पुल के पास मरीन ड्राइव रोड पर कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी हेडक्वार्टर-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। यहां से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका वजन करीब 5 ग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा 6 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारती कैवर्त, विशाल कैवर्त, ऋषभ साहू और कुमार बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

