Jamshedpur Sawan News : सावन माह में दलमा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से पहली बार वन विभाग द्वारा प्रवेश शुल्क वसूलने की सूचना सामने आने के बाद विरोध शुरू हो गया है। यह जानकारी एक समाचार रिपोर्ट के माध्यम से उजागर हुई जिसमें बताया गया कि वन विभाग ने पैदल श्रद्धालुओं से 5 रुपये, दोपहिया वाहन से 50 रुपये, तीन पहिया वाहन से 100 रुपये और चार पहिया वाहन से 150 रुपये शुल्क लेने का आदेश जारी किया है।

इस निर्णय का विश्व हिन्दू परिषद ने तीखा विरोध किया है। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि यह शुल्क प्राचीन धार्मिक परंपराओं पर कर लगाने के समान है और यह स्थिति ऐतिहासिक ‘जजिया कर’ की याद दिलाती है, जो कि हिंदू धर्म पर एक तरह का अन्याय था।
विश्व हिन्दू परिषद ने इसे श्रद्धालुओं की आस्था के विरुद्ध कदम बताया है और प्रभागीय वन पदाधिकारी, वन एवं पर्यावरण विभाग, जमशेदपुर से इस आदेश को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। परिषद ने आग्रह किया है कि धार्मिक यात्रियों पर कोई शुल्क न लगाया जाए और श्रद्धालुओं के हितों को सर्वोपरि रखा जाए।
इस संदर्भ में विभाग मंत्री अजय गुप्ता, अरुणा सिंह व सुबिता ने भी मांग का समर्थन करते हुए स्पष्ट किया है कि इस प्रकार का शुल्क सावन के पवित्र महीने में शिवभक्तों की आस्था और भावना को ठेस पहुंचाता है।

