Jamshedpur News : बोड़ाम थाना क्षेत्र के भूला गांव में एक युवती के साथ जबरन दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि यह शर्मनाक घटना शुक्रवार सुबह की है, जब 22 वर्षीय रामधन चित्रकार नामक युवक ने काम के बहाने युवती को अपने घर बुलाया और जबरन दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। फौरन कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसी दौरान थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना में भी पुलिस को कामयाबी मिली है। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय स्पोर्ट्स दुकान में चोरी की वारदात को पांच आरोपियों ने अंजाम दिया था। इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं, दूसरे आरोपी को भी रविवार को धर दबोचा गया है। हालांकि, उसकी पहचान अभी उजागर नहीं की गई है, लेकिन वह जमशेदपुर निवासी बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि बाकी तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है। लोगों को उम्मीद है कि इसी तरह पुलिस कार्रवाई करती रही तो क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा।
Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर की महिला को दिल्ली में सुसराल वालों ने घर से निकाला, केस दर्ज

