RANCHI: दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लिया। गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, एसडीओ और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा की गहन समीक्षा की। एसएसपी चंदन सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले पंडालों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, सीसीटीवी कैमरे और पेट्रोलिंग टीमों के जरिए भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी।
अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था का भी आकलन किया। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि बिना अनुमति तारों का जोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पंडालों में अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन निकास मार्ग की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
डीसी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। उपायुक्त ने कहा कि इस बार दुर्गा पूजा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

