Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच शनिवार को सुबह एक संदिग्ध युवक को चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। क ने भागने के लिए व्यक्ति की कलाई पर जोर से दांत काट दिया और मौके से फरार हो गया। घटना बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर एक के पास हुई। बताते हैं कि पकड़े गए युवक ने हाथ में दांत काट लिया और भाग निकला।
घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे रोड नंबर दो के क्वार्टर नंबर 59/2/4 निवासी बाबू राव अपने मकान की छत पर थे। वह वहां पानी की टंकी के पास काम कर रहे थे। इसी समय उन्होंने एक युवक को गली की तरफ जाते देखा। थोड़ी देर बाद वही युवक लौटते वक्त हाथ में बैट्री लिए दिखाई दिया। शक होने पर बाबू राव ने उसे रोक लिया। पूछताछ में युवक हड़बड़ाने लगा और बैट्री को स्कूटी पर रखने लगा। इसके बाद बाबू राव ने उसे पकड़ लिया और गमछे की मदद से बांधकर करीब आधे घंटे तक रोके रखा।
बाबू राव ने फौरन पुलिस को जानकारी दी, मगर पुलिस मौके पर पहुंचती इससे पहले ही युवक ने अचानक झटका देकर बाबू राव की कलाई में जोर से दांत काट दिया। दर्द के कारण बाबू राव उसे पकड़ नहीं पाए और आरोपित फरार हो गया। दांत काटने से उनकी कलाई कट गई और खून बहने लगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
बाद में यह पता चला कि बैट्री बागबेड़ा रोड नंबर एक पर खड़ी टाटा एस ऑटो से चोरी की गई थी, जो राजेश मिश्रा की है। घटना के दौरान आरोपी की हरकतें श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती, तो आरोपी मौके से भाग नहीं पाता। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

