चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय चाईबासा में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया उत्साह और उल्लासपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, चुनाव प्रभारी अशोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बडकुंवर गागराई, प्रदेश प्रवक्ता जे. बी. टुबिड, चाईबासा विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी गीता बालमुचू, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नीला नाग और पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंच संचालन प्रताप कटिहार महतो ने किया। चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में मंडल अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।
चुने गए मंडलों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों की घोषणा
इस चुनाव के परिणामस्वरूप कुल 13 मंडलों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों की घोषणा की गई, जिनमें झीकपानी से दिलीप कुमार महतो, हाटगम्हरिया से बृजमोहन चतोम्बा, चाईबासा नगर से राकेश पोद्दार, तांतनगर से योगेश्वर सवैया, कुमारडुंगी से रामेश्वर सिंकु, मंझारी से सिद्धार्थ गोप, मझगांव से पीतांबर राउट, जैतगढ़ से अर्जुन सरदार, नोवामुंडी से चंद्र मोहन गोप, छोटा नागरा से नीमा लुगुन, आनंदपुर से उमेश रवानी, मनोहरपुर से बहनु तिर्की और चक्रधरपुर से दुर्योधन प्रधान को अध्यक्ष चुना गया।
अध्यक्षों और प्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने सभी नव-निर्वाचित मंडल अध्यक्षों और प्रतिनिधियों को फूल-माला और पार्टी दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने और केंद्रीय व राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक ले जाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

