RANCHI: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ. गौतम सूत्रधर ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
राष्ट्रपति होगी मुख्य अतिथि
डॉ. गौतम सूत्रधर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एनआईटी जमशेदपुर के इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित है। उन्होंने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए संस्थान द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
एक हजार छात्रों को मिलेगी डिग्री
निदेशक ने बताया कि 15वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध कार्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने एनआईटी जमशेदपुर के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए संस्थान को राज्य और देश के लिए तकनीकी मानव संसाधन तैयार करने वाला एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया।

