
RANCHI: नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में हिजाब पहनकर नियुक्ति पत्र लेने पहुंची एक महिला डॉक्टर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे सम्मान के साथ सलाम कर नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पहचान कपड़ों से नहीं, बल्कि योग्यता से होती है। उन्होंने महिला डॉक्टर को संबोधित करते हुए कहा, आप झारखंड का भविष्य हैं। हमारी सरकार बेटियों, माताओं और हर धर्म का सम्मान करती है। सम्मान के साथ सेवा का अवसर देना हमारी जिम्मेदारी है।
10 हजार नियुक्ति की घोषणा
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह बिहार नहीं, झारखंड है। यहां सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और भाईचारा है। उन्होंने हाल की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला अपमान की मानसिकता से झारखंड सरकार का कोई संबंध नहीं है। साथ ही कहा कि यह सिर्फ बहाली नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव की शुरुआत है। बीते 11 महीनों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा और दशा में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले तीन वर्षों में सभी मेडिकल कॉलेज पूरी तरह क्रियाशील होंगे और करीब 10 हजार नई नियुक्तियां की जाएंगी।
इलाज को बनाएंगे आसान
स्वास्थ्य मंत्री ने हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस मेडिकल टेक्नोलॉजी, सात अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक लैब, मेडिकल कॉलेजों में एआई और रोबोटिक सिस्टम, अस्पतालों के डिजिटलीकरण और सेंट्रल कमांड कंट्रोल सेंटर की योजना की जानकारी दी। इसके साथ ही राज्य में मेडिको सिटी की स्थापना, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट और मुख्यमंत्री गंभीर योजना के तहत 21 गंभीर बीमारियों के इलाज को आसान बनाने की बात कही। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और कुशल मानव संसाधन के साथ झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एनएचएम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

