Home » Dhanbad News : धनबाद में महिला को बंधक बनाकर ज्वेलरी दुकान से लाखों की लूट, महुदा थाना से चंद कदम दूर वारदात

Dhanbad News : धनबाद में महिला को बंधक बनाकर ज्वेलरी दुकान से लाखों की लूट, महुदा थाना से चंद कदम दूर वारदात

by Mujtaba Haider Rizvi
Woman held hostage during jewellery shop robbery in Dhanbad near Mahuda police station
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। महुदा थाना से महज कुछ मीटर दूर एक ज्वेलरी दुकान में महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि रविवार को पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

घटना धनबाद–रांची मुख्य मार्ग पर स्थित महुदा बाजार की है। यहां लक्ष्मी ज्वेलर्स नामक दुकान को‌ शनिवार को देर रात अपराधियों ने निशाना बनाया। ज्वेलरी दुकान के संचालक अमित कुमार वर्मा ने बताया कि तड़के सुबह स्थानीय लोगों से उन्हें घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान के चारों ताले टूटे हुए थे और करीब छह लाख रुपये की ज्वेलरी गायब थी।

उन्होंने बताया कि अपराधियों के पास तलवार जैसे धारदार हथियार थे। लूट से पहले अपराधियों ने दुकान के पीछे स्थित घर में रहने वाली महिला और उसके बच्चों को बंधक बना लिया। इसके बाद आराम से दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया। अपराधी जाते-जाते दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके।

बंधक बनाई गई महिला कुंती देवी ने बताया कि उनके पति काम पर गए हुए थे और घर में वह अपने बच्चों के साथ अकेली थीं। देर रात आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं, तो दो नकाबपोश अपराधी नजर आए। हथियार दिखाकर उन्हें और बच्चों को चुप रहने की धमकी दी गई। इसके बाद अपराधियों ने लूट की और फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में एक बड़ी ज्वेलरी लूट की घटना हुई थी, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया था। ऐसे में एक बार फिर महुदा क्षेत्र में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read Also: Dhanbad News: धनसार में गड्ढे से मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles